नासिर-जुनैद हत्याकांड में एक महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली
नासिर-जुनैद हत्याकांड में एक महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली
मोहम्मद मुस्तफा/घाटमीका भरतपुर।
मेवात के बहुचर्चित नासिर-जुनैद हत्याकांड मामले में एक महीने का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इस मामले में एक आरोपी के अलावा बाकि आरोपी पुलिस गिरफ्त से अभी फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी राजस्थान पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। परिवार और मेवात क्षेत्र के लोग लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। परिवार का आरोप है कि वह शांतिप्रिय ढंग से धरने पर बैठकर इंसाफ की फरियाद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें धरने से ना उठने पर डराया धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर लेती तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
मौलाना जाबिर निवासी घाटमीका ने बताया कि वह शांतिपूर्ण ढंग से धरने पर बैठे हुए हैं, संविधान ने उन्हें इजाजत दी है कि वह इंसाफ के लिए धरना दे सकते हैं, लेकिन फिर भी हमें धरने से उठाने के लिए क्यों धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नासिर-जुनैद हत्याकांड मामले को एक महीने का समय बीत चुका है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के बजाए, पुलिस उल्टा उन्हें ही डांट रही है। जाबिर ने कहा कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती है तो मजबूरी में उन्हें आत्म हत्या के लिए कदम उठाना पड़ेगा। जिसका जिम्मेदार उन्होंने सिस्टम और राजनीति को बताया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा उन्हें दस दिन का आश्वासन देकर धरने से हटाया गया था, लेकिन जब दस दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह दोबारा से धरने पर बैठ गए। इस बार वह जब तक नहीं उठेंगे, तब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती है।


Comments
Post a Comment