कामां और तिजारा को जिला न बनाने से खफा मेवाती
कामां और तिजारा को जिला न बनाने से खफा मेवाती
विधायक संदीप यादव ने दिया आरएसआईआरबीडी चेयरमैन पद के इस्तीफा
राजुद्दीन जंग/मेवात ।
मेवात क्षेत्र के कामां और तिजारा को जिला न बनाने का विरोध बढ़ता जा रहा है। इस फैसले से नूंह जिले के लोग राजस्थान सरकार से खफा है। जबकि मेवात के लोगों ने कामां से विधायक एवं मंत्री जाहिदा खान, नगर से विधायक वाजिद अली, रामगढ़ से विधायक सफिया जुबेर व तिजारा से विधायक संदीप यादव का इस्तीफा मांगा है। इस सिलसिले में नाराज लोगों ने राज्य मंत्री जाहिदा खान का पुतला फूंका है। इधर, तिजारा के विधायक संदीप यादव ने आरएसआईआरबीडी चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया है। उधर, रामगढ़ विधायक सफिया व नगर विधायक वाजिब अली की चुप्पी पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। मेवात आरटीआई मंच के राष्ट्रीय संयोजक राजूद्दीन मेवाती ने बताया कि इससे पहले नूंह क्षेत्र के लोगों ने कामां और तिजारा शहरों को जिला बनाने के लिए कड़ी मेहनत की थी। यहां पिछले लोकसभा, विधानसभा और पंचायत चुनावों में लोगों ने अभियान चलाए थे। मेवात आरटीआई मंच का प्रतिनिधिमंडल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिला था। राजूद्दीन ने बताया कि इलाके की जमीनी हकीकत के बारे में बताया था। मेवात क्षेत्र की महिलाओं ने मुहिम छेड़कर प्रदेश सरकार का ध्यान अपनी तरफ खींचा था। राज्य पुरस्कार विजेता सबीला जंग ने कहा कि भरतपुर से डीग की दूरी 38 किलोमीटर है तो अलवर से खैरथल की दूरी 45 किलोमीटर है।
मेवात क्षेत्र के लोगों चाहते हैं कि किशनगढ़बास, तिजारा, भिवाड़ी, टपूकड़ा को मिलाकर एक नया जिला बनाया जाए। वहीं, कामां, नगर, पहाड़ी, जुरहेरा और सीकरी को मिलाकर एक जिला बनें। विधायक संदीप यादव कहते हैं कि भिवाड़ी पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा राजस्व राजस्थान सरकार को देता है। यहां पर जिला पुलिस अधीक्षक भी अलग बैठता है इसलिए तिजारा को जिला बनाया जाना उचित है। अखिल भारतीय शहीदाने मेवात सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरफूदीन मेवाती का कहना है कि लोगों की नाराजगी जायज है। सरकार को तिजारा या भिवाड़ी को जिला बनाना चाहिए। इस फैसले से नूंह जिले के लोगों में भारी नाराजगी है। अलीजान एडवोकेट का कहना है कि तिजारा क्षेत्र बहुत पिछड़ा क्षेत्र है। यहां मेव कौम की हालत सबसे खराब है। जबकि कामां को जिला बनाने की आवश्यकता है क्योंकि मुस्लिम मेव समुदाय यहां शिक्षा और स्वास्थ्य में बुरी तरह पिछड़ा हुआ है।


Comments
Post a Comment